Wednesday, 5 February 2020

शकूर बस्ती रेल टर्मिनल का काम होगा तेज

Image result for indian railway shakurbasti to palwal
दिल्ली : आम बजट में दिल्ली एनसीआर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। खस्ताहाल रेल पटरियों को बदलने के साथ ही, नई पटरी बिछाने और प्रस्तावित रेल टर्मिनल के काम को गति दी जाएगी। सुरक्षित व तेज रफ्तार सफर के लिए पटरियों के साथ ही सिग्नल प्रणाली में बदलाव किया जा रहा है, आने वाले दिनों में इस काम में और तेजी आएगी। इसके साथ ही दिल्ली में प्रस्तावित ट्रेन व फ्रेट टर्मिनल के काम में तेजी आएगी। दिल्ली क्षेत्र के 32 रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने के लिए 70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
बड़े स्टेशनों पर भीड़ कम करने और आउटर पर ट्रेन खड़ी रहने की समस्या हल करने के लिए इस बजट में भी कदम उठाया गया है। तिलक ब्रिज से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक पांचवीं व छठी लाइन बनाने के बाद अब आनंद विहार से तिलक ब्रिज तक तीसरी व चौथी लाइन का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह काम पूरा होने से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन आने वाली ट्रेनों की लेट लतीफी दूर होगी। इसी तरह से वर्षों से लंबित दयाबस्ती ग्रेट सेपरेटर का काम भी पूरा करने पर जोर है। सब्जी मंडी से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के बीच अतिरिक्त लाइन के लिए भी फंड का प्रावधान किया गया है। तुगलकाबाद-पलवल के बीच चौथी लाइन का बचा हुआ काम भी आने वाले दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।
हजरत निजामुद्दीन, तुगलकाबाद, तिलक ब्रिज, सब्जी मंडी, सराय रोहिल्ला, शकूर बस्ती व गाजियाबाद रेलवे स्टेशनों को विकसित करने की योजना है जिससे कि यहां से ज्यादा ट्रेनों का संचालन किया जा सके। इसके साथ ही आनंद विहार टर्मिनल के दूसरे चरण के काम को पूरा कर पूर्व दिशा की ओर चलने वाली ज्यादातर ट्रेनें यहां से चलाने की योजना है और इस काम के लिए इस बजट में पैसे का प्रावधान किया गया है। बिजवासन में नया ट्रेन व फ्रेट टर्मिनल बनाया जाना है। इसके लिए जमीन अधिग्रहण का काम पूरा करने के लिए इस बजट मे प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही शकूर बस्ती में ट्रेन टर्मिनल बनाने के काम में तेजी आएगी। इसी तरह से दिल्ली एनसीआर के स्टेशनों को जोड़ने वाले रूट के सिग्नल प्रणाली भी अपग्रेड होगी। आधुनिक सिग्नल प्रणाली से जहां ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी वहीं, रेल हादसों को रोकने में भी मदद मिलेगी।
सुरक्षित व तेज सफर सुनिश्चित करने के लिए किया जाएगा काम
’>>आनंद विहार-तिलक ब्रिज के बीच शुरू होगी लाइन
’>>70 करोड़ से मजबूत होगी ट्रेन प्रबंधन प्रणाली

No comments:

Post a Comment